गुलाब के पाैधे गुलाब के पौधे की कटाई-छंटाई के उपरांत कटे भागों पर डाइथेन एम. 45 का 2 ग्राम प्रति लीटर पानी की दर से छिड़काव करें। ग्लैडियोलस ग्लैडियोलस के कन्दों को 2 ग्राम बाविस्टिन एक लीटर पानी की दर से घोल बनाकर, 10-15 मिनट तक डुबोकर उपचारित करने के बाद रोपण के समय कंद से कंद की दूरी 25 सें.मी. तथा पंक्ति की दूरी 15 सें.मी. रखनी चाहिए व 8-10 सें.मी. की गहराई में रोपाई करें। रोपाई से पूर्व क्यारियों में प्रति वर्गमीटर 5 ग्राम कार्बोफ्यूरॉन अवश्य मिलायें। एक हैक्टर रोपाई के लिए लगभग 1.5-2.0 लाख कन्दों की आवश्यकता होती है। आकर्षक रंग के फूल प्राप्त करने के लिए ग्लैडियोलस के खेतों में प्रति वर्गमीटर क्षेत्रा की दर से 5 कि.ग्रा. कम्पोस्ट, 30 ग्राम नाइट्रोजन, 30 ग्राम फॉस्फोरस तथा 20 ग्राम पोटाश का प्रयोग करना चाहिए। गुलदाउदी गुलदाउदी पर जल्दी आई कलियों को तोड़ दें, ताकि बाद वाले फूल बड़े आकार के हों। डहेलिया डहेलिया को गमलों में लगा दें तथा घास के लॉन में बारीक कटाई के बाद हल्का यूरिया छिड़कें। फूल लगाएँ किसान भाई खेती के साथ-साथ घर के आसपास फूल भी उगायें। इससे अपने वातावरण को सुंदर बनाने के साथ मन को शांति मिलती है। सितंबर में बीजी नर्सरी से पौध को गमलों या क्यारियों में लगा दें। सर्दियों में खिलने वाले फूलों को अक्टूबर में भी बीज सकते हैं । स्त्राेत : खेती पत्रिका, राजीव कुमार सिंह, विनोद कुमार सिंह, कपिला शेखावत, प्रवीण कुमार उपाध्याय, एस.एस. राठौर और बिपिन कुमार ’सस्य विज्ञान संभाग एवं जल प्रौद्योगिकी केन्द्र, भाकृअनुप-भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, पूसा, नई दिल्ली-11001