महत्व उत्कृष्ट स्वाद, खुशबू और पौष्टिक तत्वोंके कारण आम भारत में उपभोक्ताओं का पसंदीदा फल है। इसमें खाद्य उद्योग को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर पैदा करने एवं किसानों के उत्पादों की अच्छी आमदनी हेतु मुल्यवर्द्धन व विविधीकरण की अपार क्षमता है। आम को या तो ताजा फल या प्रसंस्करित उत्पादों जैसे-अमचूर, स्क्वैश, अचार व पन्ना के रूप में उपयोग किया जाता है। सुरक्षा बलों के लिए खाद्य आपूर्ति हेतु पके आमों की स्लाइसों की चीनी के सीरप में डिब्बाबंदी के रूप में आपूर्ति की जाती है। इसमें डिब्बों की कीमत अधिक होने के कारण उत्पाद बहुत महंगा पड़ता है। इस संबंध में उत्पाद को सस्ता बनाने के लिए भाकृअनुप-भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के खाद्य विज्ञान एवं फसलोत्तर प्रौद्योगिकी संभाग, नई दिल्ली ने पके आमों की निर्जलीकृत स्लाइसों एवं चूर्ण को तैयार करने की तकनीक विकसित की है। प्रौद्योगिकी की विशेषताएं पके आमों से निर्जलीकृत स्लाइसों को आसानी से तैयार किया जा सकता है, जिन्हें त्वरित उपयोग के लिए सीधे खाया जा सकता है। पके आम की फांकें बहुत उपयोगी उत्पाद होती हैं, जिन्हें प्रत्येक आयु वर्ग के लोग पसंद करते हैं। यह उत्पाद विटामिन 'ए' व 'सी' से भरपूर होता है। इन्हें मैंगो शेक, मिक्स जूस, शर्बत, आइसक्रीम आदि तैयार करने में उपयोग में लाया जा सकता है। इस उत्पाद को तैयार करने के लिए उन आमों का भी प्रयोग कर सकते हैं, जोकिसी कारण विपणन योग्य न हों। प्रौद्योगिकी के लाभ तैयार किए गए उत्पाद को लंबे समय तक भंडारित किया जा सकता है। यह उत्पाद स्वादिष्ट पेय, स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन एवं अन्य उत्पादों जैसे-मैंगो आइसक्रीम, मैंगो शेक, मैंगो टॉफी, मैंगो योगर्ट आदि तैयार करने के लिए प्रयोग किया जा सकता है। यह उत्पाद, आम का मूल स्वाद और सुगंध बनाए रखता है। बेमौसम में, जब आम उपलब्ध न हों, उस समय यह उत्पाद आम का भरपूर स्वाद देता है। यह आइसक्रीम उद्योग में काफी सहायक होता है। आम के गूदा भंडारण के लिए आयी लागत की तुलना में ये उत्पाद काफी किफायती होते हैं सारणी: आम की निर्जलीकृत फांकों का संघटन एवं पोषक मान मापक मापक ताजा आम निर्जलीकृत फांके आम का चूर्ण नमी (प्रतिशत) 79.45 4.83 2.07 अम्लता (प्रतिशत) 0.88 0.64 0.47 न्यूनीय शर्करा (प्रतिशत) 5.54 20.65 18.61 कुल शर्करा (प्रतिशत) 13.78 66.50 66.02 एस्कॉर्बिक अम्ल (मि.ग्रा./100 ग्राम) 29.25 11.23 6.47 कुल केरोटिनॉयड (मि.ग्रा./100 ग्राम) 3.39 3.74 2.62 बीटा-केरोटीन (मि.ग्रा./100 ग्राम) 1.87 2.08 1.93 खाद्य विज्ञान एवं फसलोत्तर प्रौद्योगिकी संभाग, भाकृअनुप-भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली-110012